राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिला शॉट पुट एफ57 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर शर्मिला धनकर को बधाई दी है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि पैरा-एथलेटिक्स में भारत की पहली राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता बनकर शर्मिला ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि शर्मिला की यह उपलब्धि युवा एथलीटों को अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने आने वाले वर्षों में उन्हें और भी कई उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रपति ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में पुरुषों की ऊंची कूद स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर सर्वेश अनिल कुशारे को बधाई दी। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से कुशारे ने देश को गौरवान्वित किया है। राष्ट्रपति ने उन्हें भविष्य में और भी कई प्रेरणादायक उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
इसके अलावा, राष्ट्रपति मुर्मू ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में पुरुषों के 79 किलोग्राम भारोत्तोलन वर्ग में रजत पदक जीतने पर वल्लूरी अजय बाबू को बधाई दी। राष्ट्रपति ने कहा कि उनके दृढ़ संकल्प और असाधारण प्रदर्शन ने देश को अपार गौरव दिलाया है। उन्होंने उन्हें भविष्य में और भी कई उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रपति मुर्मू ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिला शॉट पुट एफ57 स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर शिल्पा के शायला को शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्हें बधाई देते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि उनका संकल्प और दृढ़ता सभी के लिए प्रेरणा है।